Maharajganj News : डीआईजी एस. चनप्पा का वार्षिक निरीक्षण: कानून-व्यवस्था पर कड़ा फोकस, त्योहारों को लेकर विशेष अलर्ट

    18-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चनप्पा ने मंगलवार को जनपद में वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ थाना पुरंदरपुर व थाना घुघली का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गहन समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा भी मौजूद रहे।

डीआईजी पुलिस लाइन में रैतिक परेड में शामिल हुए। इस दौरान समस्त राजपत्रित अधिकारी व पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन का भ्रमण कर बैरक, शस्त्रागार, मेस, परिसर की साफ-सफाई व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भी निरीक्षण कर अभिलेखों, रजिस्टरों और कार्यप्रणाली की जांच की गई।


वार्षिक निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसओ, एसएचओ और सीओ अपने-अपने कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करें, अभिलेखों, स्टोर, शस्त्रों का मिलान और भवनों का रखरखाव दुरुस्त रखें। निरीक्षण से पुलिस व्यवस्था अपडेट रहती है और अनुशासन मजबूत होता है।

त्योहारों को देखते हुए डीआईजी ने होली और रमजान के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि होलिका दहन स्थल व जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली के ढीले तारों सहित अन्य खतरों को दूर कराया जाए। अराजकता, हर्ष फायरिंग या किसी गरीब को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं न हों।