Maharajganj News : 104 केंद्र, 70 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी: महराजगंज में कड़े पहरे में शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा
18-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के 104 परीक्षा केंद्रों पर आज से यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा कड़े प्रबंधों के साथ शुरू हो गयी। शुचिता पूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने मंगलवार को सचल दल व नामित जिम्मेदार अधिकारीयों के साथ बैठक की। विद्यार्थियों को तीन लेयर में जांच प्रक्रिया पूरी कर केंद्र में दाखिला मिलेगा। गेट के बाहर, विद्यालय परिसर में और कक्ष में घुसने से पहले विद्यार्थियों की जांच की जाएगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार हाईस्कूल व इंटर के 70,701 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। इसमें हाईस्कूल के 38,961 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। बालकों की संख्या बालिकाओं से अधिक है। बालक 19,614 और बालिका की संख्या 19,346 है जबकि एक ट्रांसजेंडर ने परीक्षा फार्म भरा है। पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी व प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा सुबह 08:30 से 11:30 तक होगी। पहली पाली में विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग टाइम सुबह 07:30 बजे और कक्ष निरीक्षक, केंद्र प्रभारी, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक सुबह सात बजे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे।
बोर्ड परीक्षा के लिए डीआईओएस स्तर से नामित नोडल टीम के सदस्य अनमोल कुमार ने बताया कि पहली पाली में हाईस्कूल के हिंदी विषय की परीक्षा है, विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग टाइम 45 मिनट पूर्व रखी गई है। इससे पहले केंद्र प्रभारी, कक्ष निरीक्षक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
इसी प्रकार दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से पांच बजे तक होगी। इसमें इंटर के 31,740 परीक्षार्थियों ने परीक्षा फार्म भरा है। इनमें 15,701 बालिकाएं और 16,039 बालक शामिल हो रहे हैं। 104 परीक्षा केंद्रों के लिए इतने ही केंद्र प्रभारी व वाह्य केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। जबकि 5 जोनल मजिस्ट्रेट व 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। निगरानी के लिए 6 सचल दल गठित किए गए हैं।
4 हजार के करीब कक्ष निरीक्षक तैनात शुचिता पूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के लिए लगभग 4,000 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। इनमें 2,300 माध्यमिक शिक्षक और बाकी प्राथमिक शिक्षक लगाए गए हैं। 24 परीक्षार्थियों वाले परीक्षा कक्ष में एक, 40 संख्या वाले में 2 और 50 की संख्या वाले विद्यार्थियों के कमरों में तीन कक्ष निरीक्षक होंगे। सभी कक्ष निरीक्षकों को क्यूआर प्रिंट पहचान पत्र जारी किए गए हैं। बालिका परीक्षा केंद्रों पर शिक्षिका कक्ष निरीक्षक होंगी।
सचल दल में यह लोग शामिल डीआईओएस की तरफ से गठित सचल दल में डीआईओएस स्वयं, बीएसए रिद्धि पांडेय, कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता सहित राजकीय माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक शामिल हैं।
एसटीएफ व कंट्रोल रूम की नज़र सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए डीआईओएस आफिस सभागार में स्थापित कंट्रोल रूम से सभी केंद्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए शिक्षकों की टीम शिफ्टवार तैनात रहेगी। बरवांराजा माध्यमिक स्कूल के प्रवक्ता रामजी प्रसाद के नेतृत्व में टीम निगरानी करेगी। इसके अलावा एसटीएफ ने अपने लोकल इंटेलिजेंस को गोपनीय निगरानी के लिए लगा रखा है। 8858565060 नंबर पर कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है।