Maharajganj News : परफॉर्मेंस ग्रांट में खेल? तीन ग्राम पंचायतों से जीएसटी और टीडीएस पर मांगा हिसाब
19-Feb-2026
Total Views |
परतावल। राज्य कर विभाग ने विकास खंड परतावल की तीन ग्राम पंचायतों में कर संबंधी अनियमितताओं के आरोपों पर नोटिस भेजकर विस्तृत सूचना तलब की है। यह कार्रवाई देश में लागू जीएसटी व्यवस्था के तहत की जा रही है।
कार्यालय उपायुक्त राज्य कर, खंड-1 महराजगंज ने 12 फरवरी 2026 को जारी पत्र में ग्राम पंचायत अधिकारी कम्हरिया खुर्द, पिपरा लाला और रामपुर चकिया को निर्देशित किया है कि वे वर्ष 2021-22, 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के दौरान की गई सामग्री खरीद और भुगतान से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। पत्र में बताया गया है कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि परफॉर्मेंस ग्रांट योजना के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में सामग्री भुगतान के समय 4 प्रतिशत टीडीएस (जिसमें 2 प्रतिशत इनकम टैक्स, 1 प्रतिशत सीजीएसटी और 1 प्रतिशत एसजीएसटी शामिल) की कटौती तो की गई लेकिन उसे सरकारी खाते में जमा नहीं किया गया और जीएसटीआर-7 रिटर्न भी दाखिल नहीं किया गया।
इसके अलावा वर्ष 2025-26 में भी सामग्री खरीद पर टीडीएस कटौती कर सरकारी खाते में जमा न करने की बात सामने आई है। विभाग के अनुसार, ऐसा करना वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है और इससे सरकारी राजस्व को नुकसान होता है। पत्र में यह भी कहा गया है कि इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उपायुक्त कार्यालय ने संबंधित वर्षों में भुगतान पाने वाली फर्मों के नाम-पते, जीएसटी नंबर, भुगतान राशि और बिल की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी हैं। विभाग ने संकेत दिया है कि जवाब संतोषजनक न मिलने पर ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।