Maharajganj News : कार में क्या छिपाकर ले जा रहा था युवक? चेकिंग हुई तो खुला 20 करोड़ का राज!
20-Feb-2026
Total Views |
महाराजगंज। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 करोड़ रुपये की 48 किलो चरस के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ 59 पैकेटों में छिपा कर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा, उसके पास 59 पैकेटों में छिपाई गई चरस मिली है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। एक अन्य व्यक्ति फरार है जिसकी तलाश में भी छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई चरस का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य लगभग 20 करोड़ रुपये आंका गया है। फिलहाल पुलिस टीम इस पूरे मामले को लेकर पड़ताल में जुटी है।
ख़बरों के अनुसार, आरोपी 35 साल का राकेश यादव महाराजगंज का रहने वाला है। उसे पारसा मलिक थाने की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा। वह ठूठीबारी से नौतनवा जा रहा था। पुलिस ने उसकी कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान 59 पैकेटों में छिपाई गई कुल 48.686 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने इसी के साथ आरोपी की कार भी जब्त कर ली।
एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि राकेश यादव पर संदेह है कि वह किसी गिरोह के लिए मादक पदार्थों को लाने-ले जाने का काम कर रहा था। इसके अलावा कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।