Maharajganj News : आखिर पोते ने क्यों किया दादा पर जानलेवा वार? फिर खुद ही पहुँच गया थाने
20-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। पनियरा कस्बा स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी पर शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आयी है। शांतिनगर चौराहे पर स्थित ‘अंसारी ज्वेलर्स’ में 60 वर्षीय स्वर्ण व्यवसायी शमीम अंसारी पर उनके ही पोते ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए है। पनियरा पीएचसी से गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
वहीं, घटना के बाद आरोपित पोता खुद थाने पहुंच गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले के पीछे संपत्ति विवाद वजह बताई जा रही है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पनियरा के वार्ड नंबर 11 निवासी 60 वर्षीय शमीम अंसारी कस्बे के शांतिनगर चौराहे पर अंसारी जेवलर्स नाम से दुकान चलाते हैं।
शुक्रवार दोपहर बाद तीन बजे उनका 21 वर्षीय दुकान पर आया। बताया जा रहा है कि वह शमीम के पीछे की तरफ गया। उसने चाकू निकाल कर अपने दादा का गला रेतना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस घटना से हड़बड़ाए शमीम ने चाकू पकड़ लिया। इससे उनका हाथ भी कट गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी घटना को अंजाम देकर खुद ही थाने चला गया और पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने चाकू बरामद कर घायल को पीएचसी पनियरा भेजा।
घायल शमीम के चार पुत्र है। इनमें से एक की कुछ साल पहले मौत हो गयी है। आरोपी बड़े पुत्र का लड़का है। तीन पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मामला सम्पत्ति विवाद का बताया जा रहा है। चर्चा है कि शमीम ने अपने तीन बीघे खेत में से 21 डिस्मिल अपने बड़े पुत्र को दे दिया था, जिसे उसने कुछ महीने पहले बिकवा दिया था। इसे देख घायल ने अपने दोनों छोटे बेटों के नाम खेत कर दिया था। इसी को लेकर विवाद चल रहा था।
इस बारे में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस पहुंची है। आरोपी हिरासत में हैं। घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई होगी।