Maharajganj News : बोर्ड परीक्षाओं के बीच सख्ती! रात 10 बजे के बाद डीजे बजा तो होगी कड़ी कार्रवाई
20-Feb-2026
Total Views |
परतावल। गुरुवार को श्यामदेउरवा थाना परिसर में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में मैरिज हॉल व डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों और मैरिज हॉल प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिया गया कि रात 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में डीजे या तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न किया जाए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस समय हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं। परीक्षार्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ऐसे में ध्वनि प्रदूषण के कारण उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि रात 10 बजे के बाद डीजे बजता पाया गया तो संबंधित संचालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान उपस्थित डीजे संचालकों को नोटिस भी जारी किया गया तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।
पुलिस ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमों का पालन करना समाज का सामूहिक दायित्व है। इस दौरान उप निरीक्षक राजेश सिंह, अनिकेत सिंह, डीजे संचालक सोनू, राहुल जायसवाल, मोनू, महेंद्र, बिक्की मौजूद रहे।