Maharajganj News : सूखे हैंडपंप, गंदा पानी… नगर में गहराता जा रहा पेयजल संकट
21-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर में जगह-जगह लगे इंडिया मार्का हैंडपंप बदहाली का शिकार हो गए हैं। कई हैंडपंप या तो पूरी तरह खराब पड़े हैं या फिर उनसे दूषित पानी निकल रहा है। इससे लोगों को पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में नगर पंचायत को कई बार अवगत कराया, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी है।
नगर पंचायत बढ़नी के विभिन्न वार्डों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंडिया मार्का हैंडपंप लगाए गए थे। शुरुआती दिनों में लोगों ने इनका लाभ भी उठाया, लेकिन खराब होने के बाद इनके मरम्मत में जिम्मेदारों की रुचि नहीं दिखी। हालात यह हैं कि नगर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ वार्डों में लगे अधिकांश हैंडपंप सूख चुके हैं या फिर गंदा पानी दे रहे हैं, जिसके उपयोग से लोग बच रहे हैं।
मिल कॉलोनी समेत अन्य वार्डों में लगभग आधा दर्जन से अधिक इंडिया मार्का हैंडपंप जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। नगर के मनोज कश्यप, बबलू, रामदीन, रामकुमार सहित दर्जनों लोगों ने इंडिया मार्का हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगे इंडिया मार्का हैंडपंपों को चिह्नित किया जा रहा है। धन उपलब्ध होते ही सभी खराब हैंडपंपों की मरम्मत करवा दी जाएगी।