Maharajganj News : पैसे के विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मधुबन नगर में मचा कोहराम

    21-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
नौतनवा कस्बे के मधुबन नगर में शनिवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई द्वारा पैसे देने से इनकार करने के बाद यह कदम उठाया। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान आदित्य पासवान (22) के रूप में हुई है, जो मधुबन नगर में अपने छोटे भाई अमरीश पासवान के साथ रहता था। उनके माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। अमरीश मजदूरी करके घर चलाता था, जबकि आदित्य कोई काम नहीं करता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आदित्य नशे का आदी था और कई दिनों से अपने छोटे भाई से पैसे की मांग कर रहा था। पैसे न मिलने पर वह आत्महत्या करने की धमकी भी दे रहा था।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम को आदित्य ने अपने छोटे भाई से पैसे मांगे। अमरीश के मना करने पर आदित्य नाराज होकर अपने कमरे में चला गया। शनिवार सुबह करीब 4 बजे अमरीश को जानकारी मिली कि उसका भाई कमरे में फंदे से लटका हुआ है।

अमरीश की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से युवक को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच-पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।