Maharajganj News : घर में अकेला था युवक… सुबह दरवाजा नहीं खुला तो सामने आया दिल दहला देने वाला मंजर

    21-Feb-2026
Total Views |

सिसवा बाजार।
कोठीभार थाना अंतर्गत सिसवा कस्बे के दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड के सबयां दक्षिण टोला में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी। एक युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है।हालांकि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जानकारी के मुताबिक, सबयां दक्षिण टोला निवासी राजेश चौरसिया के छोटे पुत्र प्रशांत चौरसिया उर्फ बिटटू (22) गुरुवार को वह घर में अकेला था। उसके माता-पिता रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने के लिए गए हुए थे।

पिता राजेश चौरसिया ने बताया कि उनके दो पुत्र एक पुत्री हैं। बेटी की शादी कर चुके हैं। बड़ा बेटा विदेश में रहकर आजीविका कमा रहा है। वे छोटे पुत्र के साथ ईंट-भट्टे पर काम करते हैं और घर पर रोजमर्रा के सामानों की एक छोटी सी दुकान संचालित करते हैं। प्रशांत की शादी नहीं हुई है।


राजेश चौरसिया के अनुसार, वह गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदार के घर गए थे। शुक्रवार की सुबह बेटे के मोबाइल पर फोन किया तो फोन नहीं उठने पर उन्होंने अपने छोटे भाई अवधेश के मोबाइल पर फोन कर बेटे को जगाने के लिए कहा।

कई बार खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर जंगले से झांककर अंदर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रशांत का शव कुंडी में लगे फंदे से लटकता हुआ मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई।

प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के कारण का अभी पता नही चल पाया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।