Gorakhpur News : 16 महीने जेल में रहने के बाद रेप के मामले में छूटा जमानत पर! फिर 12 साल की बालिका के साथ ये कांड
23-Feb-2026
Total Views |
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। युवती के साथ दरिंदगी के बाद अब हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के एक युवक ने गांव में 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म कर दिया। आरोपी युवक डेढ़ माह पहले ही खजनी में युवती से दुष्कर्म के मामले में जमानत पर बाहर आया था।
आरोप है कि उसने शुक्रवार देर शाम गांव की एक बालिका को रोटी बनाने के बहाने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, मारपीट, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिक दर्ज कर ली है।
पीड़िता की मां ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पड़ोसी युवक ने उनकी 12 वर्षीय बेटी को रोटी बनाने के बहाने अपने घर बुलाया। घर पहुंचने के बाद उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
रोते हुए घर लौटी बेटी ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद महिला ने इसकी शिकायत हलका प्रभारी लालता प्रसाद से की। रविवार को पुलिस किशोरी की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को खजनी पुलिस ने एक युवती से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया था। 16 माह तक जेल में रहने के बाद सितंबर 25 में वह जमानत पर बाहर आया था। हरपुर बुदहट थाना प्रभारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बालिका का तुरंत मेडिकल कराया और उसका बयान महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में दर्ज किया गया। सोमवार को उसका मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराया जाएगा।