Maharajganj News : खुटहां की सीमा बनीं ‘लखपति दीदी’, बीसी सखी बन हर महीने 20 हजार की कमाई
23-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले की ग्रामीण महिलाएं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं। खुटहां की सीमा ने बीसी सखी (बिजनेस करेसपांडेंट सखी) बनकर लखपति दीदी की सूची में स्थान बनाया है। मौजूदा समय में वह प्रति माह 20,000 रुपये की कमाई कर रही हैं।
वित्तीय रैंकिंग सर्वेक्षण में सदर की यह सखी अव्वल है। इस उपलब्धि पर सदर एनआरएलएम विंग उत्साहित है। खुटहां ग्रामीण बैंक से अप्रैल 2025 में सीमा ने बीसी सखी का काम शुरू किया। वह लक्ष्मी एसएचजी (सेल्फ हेल्प ग्रुप) से वैसे तो 2023 से जुड़ी थीं, उनका समूह अचार मुरब्बा बनाता था।
सीमा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण थी तो उन्हें यह काम नहीं भाया। मार्च 2024 में उन्होंने बीसी सखी का फार्म भरा जो एनआरएलएम की तरफ से निकाला गया था। इसकी परीक्षा के बाद उन्हें बड़ौदा यूपी बैंक में बीसी सखी का दायित्व मिला।
सदर के बीएमएम शेषनाथ मौर्या व मनोज मौर्या ने बताया कि एनआरएलएम की तरफ से बीसी सखियों का वार्षिक आय सर्वेक्षण किया जाता है जिससे यह पता चले कि बीसी सखी का कार्यकाल कितना सफल रहा। खुटहां की सीमा ने सर्वाधिक रैंक 10 में 10 प्राप्त किया। सदर की अन्य बीसी सखियां पीछे हैं।