Maharajganj News : आखिरकार जर्जर पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण को मिली हरी झंडी, 6.94 करोड़ की स्वीकृति से बदलेगी तस्वीर

    23-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज में लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी नहरों पर बनी पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। सिंचाई खंड महराजगंज में स्थित महराजगंज राजवाहा पर बनी कुल12 पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण के लिए शासन स्तर से 6.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गयी है।

यह कार्य वर्ष 2025-26 की राज्य वित्त पोषित नई सिंचाई परियोजना के अंतर्गत कराया जाएगा। पहली किस्त के रूप में दो करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही काम धरातल पर दिखाई देगा।

महराजगंज के बल्लो खास से निकलकर गौनरिया बाबू होते हुए खेम पिपरा, सिसवा बाबू और नेता सुरहुरवा होते हुए गोरखपुर जनपद में जाने वाला यह राजवाहा कई ग्राम पंचायतों को लाभान्वित करता है।


इससे जुड़े जिन ग्राम पंचायतों में पुलिया जर्जर हो चुकी थी, उसमें खेम पिपरा, सिसवा बाबू, नेता सुरहुरवा, सवरेजी, पकड़ी नौनिया, पिपरा खुर्द, बैदा, मोहद्दीनपुर, सतगुरु एवं मंगलपुर में बने कुल 12 पुल-पुलिया काफी पुराने और जर्जर हो चुके थे। इससे आवागमन में खतरा बना रहता था और सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।

सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बाद शासन से स्वीकृति प्राप्त हुई है। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह परियोजना किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

शासन की मंशानुसार गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। परियोजना पूरी होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुरक्षित और सिंचाई व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।