Maharajganj News : शादी का झांसा, आंध्रप्रदेश ले जाकर शोषण… फिर स्टेशन पर छोड़ फरार
23-Feb-2026
Total Views |
परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र में एक गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है। यहाँ की निवासी दो बच्चों की मां को शादी का झांसा देकर एक युवक भगा ले गया। आरोप है कि युवक महिला को बहला-फुसलाकर आंध्र प्रदेश ले जाकर कई दिनों तक यौन शोषण किया। इसके बाद गर्भवती होने पर गर्भपात कराकर मारपीट करके उसे छोड़ दिया।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। करीब पांच माह पहले दूसरे गांव का एक युवक उसके संपर्क में आया और मीठी-मीठी बातों से उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। युवक शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ आंध्रप्रदेश ले गया। वहां पर युवक ने लगातार उसका यौन शोषण किया। गर्भ ठहरने पर उसने जबरन गर्भपात करवा दिया।
इतना ही नहीं पीड़िता के साथ उसने मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी महिला को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद उसने भिटौली थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला फिलहाल अपने मायके में रह रही है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है, जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।