Maharajganj News : आनंदनगर के स्पा सेंटर में अचानक छापा, अंदर मिला कुछ ऐसा कि प्रशासन ने जड़ दिया ताला
24-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। आनंदनगर में संचालित एक स्पा सेंटर पर मंगलवार को प्रशासन की टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। कार्रवाई का नेतृत्व शैलेंद्र गौतम और वशिष्ठ वर्मा ने किया। इस दौरान तीन महिला कर्मी व एक युवक सेंटर के अंदर मिला।
वैध पहचान नहीं मिलने पर पूछताछ के लिए चारों को फरेंदा कोतवाली भेज दिया गया। जांच में अनियमितता मिलने के बाद प्रशासन ने स्पा सेंटर को सील कर दिया। इसके पहले भी सेंटर पर छापेमारी हो चुकी है। जांच में स्पा संचालन के लिए वैध लाइसेंस नहीं मिला। तहसील प्रशासन को अवैध ढंग से स्पा सेंटर संचालित करने की सूचना मिल रही थी।
मंगलवार को एसडीएम शैलेन्द्र गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा ने पुलिस टीम के साथ अचानक छापेमारी की। इससे स्पा सेंटर में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक टीम की जांच के दौरान तीन महिला कर्मचारी व एक युवक मौके पर मिले। पूछताछ में महिलाएं अपना वैध पहचान पत्र दिखाने में नाकाम रहीं। टीम ने जब लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाण पत्र व आगंतुक रजिस्टर की पड़ताल की, तो उसमें भी कमियां मिलीं।
डीबीआर व अन्य अभिलेखों में कमियां पाए जाने पर टीम ने उसे जब्त कर लिया। हिरासत में ली गईं युवतियों व एक युवक को पूछताछ के लिए फरेंदा थाने भेजा गया है। जांच टीम में शामिल अफसरों ने बताया कि शुरुआती जांच में ये युवतियां नेपाली मूल की प्रतीत हो रही हैं, हालांकि उनके पास से आधार कार्ड मिले हैं। इसकी सत्यता जांची जा रही है।
इस स्पा सेंटर की शिकायत मिल रही थी। यह बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा था। पूर्व में भी जांच कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन सुधार नहीं हुआ। अनियमितताओं के चलते इसे सील कर दिया गया है। जांच के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों का संचालन किसी भी सूरत में क्षम्य नहीं है।