Maharajganj News : कौन है अब भी कुंवारा? जनगणना खोलेगी रिश्तों और उम्र का बड़ा राज
24-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में होने वाली अगली जनगणना सिर्फ आबादी की गिनती तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि यह भी बताएगी कि किस उम्र वर्ग में कितने लोग अब तक कुंवारे हैं।
उम्र और वैवाहिक स्थिति से जुड़े सवालों के जरिए यह साफ होगा कि कितने युवक-युवतियां शादी की दहलीज पर हैं, कितनों की उम्र इंतजार में आगे बढ़ गई और कितने लोग विवाह बंधन में बंध चुके हैं। 33 सवालों की प्रश्नावली हर घर का सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल तैयार करेगी।
पिछली 2001 और 2011 की जनगणनाओं में भी उम्र और वैवाहिक स्थिति के आंकड़ों से सामाजिक बदलाव की तस्वीर उभरी थी। 2011 के आंकड़ों में 20-29 आयु वर्ग में अविवाहितों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई थी, जिसे विशेषज्ञों ने शिक्षा, रोजगार व पलायन से जोड़ा था।
इस बार उम्र के साथ वैवाहिक स्थिति दर्ज होने से यह स्पष्ट होगा कि 25, 30 या 35 वर्ष की आयु पार कर चुके कितने लोग अब भी अविवाहित हैं। क्या शादी की औसत उम्र और आगे बढ़ी है? क्या ग्रामीण क्षेत्र में भी देर से विवाह का चलन मजबूत हुआ है? इन सवालों के जवाब आंकड़ों में मिलेंगे।
सबसे बड़े परिवार की भी सामने आएगी पीढ़ी जनगणना में पूछे जाने वाले सवालों के जवाब के अनुसार परिवार में कुल सदस्यों की संख्या, कमरों की उपलब्धता, सामाजिक वर्ग व बहु-पीढ़ी के साथ रहने की स्थिति भी दर्ज होगी। सदस्य संख्या के आधार पर जिले के सबसे बड़े परिवार की पहचान भी संभव होगी। यह भी आंकड़ा स्पष्ट होगा कि आधुनिकता के दौर में भी क्या जिले में संयुक्त परिवारों की परपंरा कायम है या एकल परिवार की ओर समाज बढ़ रहा है।
शादी-विवाह व रिश्तों के आंकड़े को लेकर इस बार जनगणना में विशेष संजीदगी देखने को मिलेगी। जिले में जनगणना को लेकर सभी तैयारी चरणबद्ध तरीके से पूरी कराई जा रही है। पहले मकानों की गणना होगी। उसके बाद लोगों की गणना की जाएगी। प्रगणक घर-घर पहुंच आंकड़ा एकत्र करेंगे।
जनगणना के बाद जिले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। इसके आधार पर विकास योजनाओं का ढांचा बनाने में मदद मिलेगी।