Maharajganj News : अब छिप नहीं पाएंगी दवाएं! काउंटर पर लगेगी पूरी सूची, मरीज सीधे कर सकेंगे शिकायत
24-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी बनाने के लिए ये बड़ा कदम उठाया गया है। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचने वाले मरीज काउंटर में उपलब्ध दवाओं को जान सकेंगे। इसके लिए काउंटर पर सभी दवाओं का नाम और संख्या लिखी होगी।
इससे फार्मासिस्ट दवा नहीं होने का हवाला नहीं दे पाएंगे। सूची में दवा का नाम देख स्वास्थ्य केंद्र अधिकारी से शिकायत कर सकते हैं। जिलेवासियों को त्वरित व नि:शुल्क इलाज सुविधा देने के लिए जिला व महिला अस्पताल के अलावा 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व 41 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 192 हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर हर रोज करीब दस हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
जिला व महिला अस्पताल के काउंटर पर दवाओं की सूची चस्पा है। लेकिन अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों पर काउंटर में दवाओं की सूची चस्पा नहीं है। इससे मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध दवाओं की जानकारी नहीं हो रही है। जिले में स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज व्यवस्था की जांच कर रही एसआरएम टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों को वितरण काउंटर पर दवाओं का नाम और उनकी उपलब्धता की सूची बनाकर उसे चस्पा करने का निर्देश दिया।
टीम का निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य प्रशासन हरकत में आ गया है। सीएचसी अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारियों को दवा काउंटर के सामने दवाओं की सूची बनाकर चस्पा करने का निर्देश जारी किया है। दवा नहीं मिलने पर अधीक्षक से कर सकते हैं शिकायत काउंटर पर चस्पा सूची में यदि दवा का नाम है और फार्मासिस्ट दवा नहीं होने का हवाला दे रहे हैं तो मरीज इसकी शिकायत स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी से शिकायत कर सकते हैं। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होगी।
जिला व महिला अस्पताल में काउंटर पर दवाओं की सूची चस्पा है। सीएचसी, पीएचसी व हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर भी दवाओं की सूची चस्पा है। जहां सूची नहीं चस्पा किया गया है, वहां के संबंधित अधिकारी को काउंटर में उपलब्ध दवाओं की सूची चस्पा करने का निर्देश दिया गया है।