Maharajganj News : मनरेगा पार्क में ‘कागज़ी’ विकास? सवा नौ लाख का भुगतान, अधूरा मैदान और गायब सुविधाएं!
24-Feb-2026
Total Views |
ठूठीबारी। निचलौल ब्लॉक के ग्राम सभा लक्ष्मीपुर खुर्द में मनरेगा के तहत बने पार्क में करीब सवा नौ लाख रुपये के कथित फर्जी भुगतान का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनरेगा पार्क का काम पूरा हुआ नहीं पर जिम्मेदारों ने बिना जांच पड़ताल किए पूरा भुगतान कर दिया।
जिलाधिकारी तक शिकायत पहुंची तो उन्होंने मामले की जांच कराई। इसमें आरोप सही मिले, लेकिन जांच अधिकारी ने ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी को अधूरा-काम पूरा कराने के निर्देश देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, निचलौल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के पश्चिम 9 लाख 26 हजार 611 रुपये की लागत से 2022-23 में मनरेगा पार्क का निर्माण कार्य कराया गया है। ग्रामीणाें ईश मोहम्मद, सिकंदर साहनी, इलियास, सैलाब, मजहर अली, मैनुल्लाह, जोगिंदर साहनी, जलील आदि ने बताया कि मनरेगा पार्क बने दो साल से ऊपर हो गया लेकिन अभी तक पर्याप्त मिट्टी नहीं डाले जाने से ग्राउंड में गड्ढे बरकरार हैं।
साथ ही बैठने और पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। बच्चों के खेलने के लिए झूले भी नहीं लगाए गए हैं। पैदल टहलने के लिए पाथ-वे तक नहीं बनाया गया है। पार्क में सोलर लाइट, फूल-पौधे भी नहीं लगे हैं। साथ ही पीछे की दीवार पर प्लास्टर और पेंटिंग नहीं हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है जिम्मेदारों ने पार्क काम पूरा दिखाकर रुपये निकाल लिए। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी, जिस पर एडीओ एग्रीकल्चर जगत नारायण को जांच अधिकारी नामित किया गया।