Maharajganj News : चुनाव पुनरीक्षण पर सख्त तेवर! लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी, बीएलओ में हड़कंप
24-Feb-2026
Total Views |
नौतनवा। नौतनवा तहसील में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। एसआईआर अभियान के दृष्टिगत सोमवार को एसडीएम नवीन प्रसाद ने तहसील सभागार में समस्त एईआरओ एवं सुपरवाइजरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्हें निर्वाचन आयोग से मिले गाइडलाइन से अवगत कराते हुए कार्यों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि वर्तमान में एसआईआर को लेकर नो मैपिंग के साथ ही तार्किक विसंगतियों को भी दूर करने की सुनवाई चल रही है।
नो मैपिंग नोटिस की लगभग सुनवाई हो चुकी है जो कुछ बचे हैं उसे संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी समय रहते पूर्ण कर लें। इसके अलावा तार्किक विसंगतियों के नोटिस की सुनवाई बीएलओ स्तर से ही की जानी है लेकिन इस कार्य में कुछ बीएलओ द्वारा लापरवाही बरते जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे बीएलओ पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बीएलओ से वार्ता कर उनकी भ्रांतियों को दूर करें और समय-समय पर कार्य प्रगति की रिपोर्ट लेकर इस प्रक्रिया को संपन्न कराएं। जिससे कि एसआईआर को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से पूर्ण कर निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी जा सके।