Maharajganj News : चौक बाजार में चला केमिकल का खेल ! दुकान पर छापेमारी में मिली इसकी नकली बोतलें
03-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। चौक बाजार क्षेत्र में नकली टॉयलेट क्लीनर की बिक्री का मामला उजागर हुआ है। एक कंपनी की जांच टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नगर पंचायत चौक बाजार की पांच किराना दुकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कंपनी के नाम से नकली टॉयलेट क्लीनर की कुल 368 बोतलें बरामद हुईं। ये नकली उत्पाद कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 का उल्लंघन करते पाए गए।
जांच टीम में कंपनी के जांच अधिकारी पप्पू कुमार शर्मा (इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) और अमित कुमार मल्ल (सीनियर इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) शामिल थे। उन्होंने थाना चौक बाजार के थानाध्यक्ष को सूचित कर पुलिस फोर्स की मांग की। टीम ने सबसे पहले जायसवाल किराना स्टोर के मालिक राजकिशोर जायसवाल की दुकान पर छापा मारा। यहां 200 मिलीलीटर की 140 बोतलें नकली टॉयलेट क्लीनर की बरामद हुईं। एक बोतल नमूने के रूप में अलग की गई, बाकी को प्लास्टिक कट्टों में बंद कर पुलिस सील से सील किया गया।
इसके बाद वर्मा किराना स्टोर मालिक बद्री विशाल वर्मा पर 200 मिलीलीटर की 131 बोतलें मिलीं। यहां भी एक नमूना अलग कर बाकी सामान सील किया गया। मनोहर किराना स्टोर मालिक मनोहर वर्मा से 500 मिलीलीटर की 16 बोतलें जब्त हुईं। एक नमूना लेकर शेष को सील किया गया। शैलेश किराना स्टोर मालिक शैलेश पर 500 मिलीलीटर की 19 बोतलें और 200 मिलीलीटर की 4 बोतलें बरामद हुईं। नमूना अलग कर बाकी सील कर दिया गया।
अक्षय किराना स्टोर के मालिक अक्षय कुमार वर्मा से 500 मिलीलीटर की 22 बोतलें और 200 मिलीलीटर की 36 बोतलें मिलीं। यहां भी नमूना अलग किया गया।200 मिलीलीटर की 311 और 500 मिलीलीटर की 57 बोतलें बरामद की गईं। सभी नकली सामान को प्लास्टिक कट्टों में बंद कर पुलिस ने सील लगा दिया। नकली उत्पादों के मिलान के लिए असली टॉयलेट क्लीनर की एक-एक बोतल (200 मिली और 500 मिली) भी सील कर लिया। मौके पर कोई गवाह नहीं मिला, इसलिए फर्द तैयार कर सभी दुकानदारों से हस्ताक्षर लिए गए।
चौक थानाध्यक्ष ओपी गुप्ता ने बताया की पप्पू कुमार शर्मा के तहरीर पर आरोपी दुकानदार राजकिशोर जयसवाल, बद्री विशाल वर्मा, मनोहर वर्मा, शैलेश, अक्षय कुमार वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।