Maharajganj News : गाँव की पोखरी पर गुंडई ! रातों-रात उजाड़ा ग्राम सभा का सपना, 60 हजार की मछलियां लूटीं

    03-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बगही में ग्राम सभा की पोखरी को नुकसान पहुँचाने और मछली लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

ग्राम पंचायत बगही की वर्तमान ग्राम प्रधान पुनीता मिश्रा ने थाना कोठीभार में शिकायत दर्ज कराई है। पुनीता मिश्रा ने बताया कि ग्राम बगही में स्थित ग्राम समाज की पोखरी में गांव के विकास के लिए मछली पालन किया जा रहा था। 29 नवंबर 2025 को 10:30 बजे रामकुमार, अतुल, रामसनेही सहित कुछ अन्य लोगों ने गुंडई के बल पर पोखरी को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने पोखरी में पल रही मछलियों को मार डाला और लगभग 60,000 रुपये से अधिक मूल्य की मछलियां उठा ले गए।


जब पुनीता मिश्रा के पुत्र शिवम कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शिवम ने तुरंत 112 पर सूचना दी। पुनीता मिश्रा ने एक फरवरी 2026 को थाना कोठीभार में शिकायत दी। कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी रामकुमार, अतुल, रामसनेही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।