Maharajganj News : 70 लाख मानव दिवस का लक्ष्य! क्या इस बार मनरेगा से बदलेगी महराजगंज की तस्वीर?

    03-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के विकास कार्यों को गति देने व ग्रामीणों को रोजगार देने की दिशा में डीएम संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मनरेगा के नए श्रम बजट व कार्ययोजना पर चर्चा हुई। आगामी वित्तीय वर्ष में जिले में 70 लाख 38 हजार 217 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य तय किया गया है।

इस करीब 295.60 करोड़ रुपये का बजट खर्च होने का अनुमान है। बैठक में डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ब्लॉक प्रमुखों से वार्ता की। कहा कि श्रम बजट के लिए कार्ययोजना का अनुमोदन क्षेत्र पंचायत की बैठक में करा लिया जाए। ब्लॉक प्रमुखों ने आश्वस्त किया कि कार्ययोजना मनरेगा नियमावली व शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।


ग्राम स्तर पर भी खुली बैठकों के माध्यम से इसका अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है। पारदर्शिता व ई-केवाईसी को लेकर सख्त निर्देश डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बैठक में सख्त निर्देश दिए कि मनरेगा के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी तरीके से कराया जाए। बीडीओ को नियमित पर्यवेक्षण का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सक्रिय मजदूरों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त श्रम रोजगार ने बताया कि जनपद में कुल 2.86 लाख श्रमिकों में से अब तक 1.51 लाख का ही ई-केवाईसी पूर्ण हुआ है। डीएम ने इसे जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, एपीओ शिवेन्द्र सिंह सूर्यवंशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।