
महराजगंज। रविवार की छुट्टी के बाद बैंक एवं अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों में सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देश पर पुलिस ने पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की जांच और बैंक के बाहर या अंदर संदिग्ध गतिविधियों की छानबीन की गई। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बैंक स्टॉफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
यह अभियान बैंकों की सुरक्षा को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान, बैंकों में लगे अलार्म और सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांची गई। इसका मकसद किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। पुलिस टीम ने बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की।
विशेष रूप से संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की पहचान पर जोर दिया गया। बैरियर लगाकर बाइक सवारों और अन्य वाहनों की भी चेकिंग की गई ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। ऐसे अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।