MaharajganjPolitics : स्मार्ट मीटर या जनता पर स्मार्ट बोझ? महराजगंज में कांग्रेस का चेतावनी धरना, आंदोलन के संकेत

04 Feb 2026 18:14:47

महराजगंज। स्मार्ट मीटर में खामियों व उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में कांग्रेसियों ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय बैकुंठपुर पर चेतावनी धरना दिया। धरने में स्मार्ट मीटर से जुड़े गलत व अधिक बिजली बिल, तकनीकी खराबी, अचानक व अघोषित विद्युत कटौती, नेटवर्क पर अधिक निर्भरता व उपभोक्ता जागरूकता की कमी जैसे मुद्दों को कांग्रेसियों ने प्रमुखता से उठाया।

जिलाध्यक्ष विजय सिंह की अध्यक्षता में कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर की खामियों को दूर कर बीलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं लाई गई तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर जनता के लिए राहत बनने की बजाय समस्या का कारण बनते जा रहे हैं।

तकनीकी खामियों के चलते मीटर की रीडिंग गलत आ रही है, जिससे उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कहीं अधिक बिजली बिल चुकाना पड़ रहा है। इससे आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे उपभोक्ताओ में आक्रोश व्याप्त है।

यह भी पढ़ें : अब खत्म होगा गड्ढों का सफर! मार्च से संवरेंगी महराजगंज की 200 बदहाल सड़कें

आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण स्मार्ट मीटर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, इसके बावजूद उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। अचानक और अघोषित बिजली कटौती से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

साथ ही डिजिटल मीटरिंग प्रणाली के कारण उपभोक्ताओं के निजी डाटा की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व प्रदेश उपाध्याय आलोक प्रसाद ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पहले उपभोक्ताओं को इसकी पूरी जानकारी देना आवश्यक था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन मिश्रा व पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी ने कहा कि पहले विद्युत कनेक्शन की लागत पंद्रह सौ से दो हजार रुपये के बीच थी, जिसे अब बढ़ाकर पैतालिस सौ से पांच हजार रुपये कर दिया गया है।

इस दौरान गोविन्द मिश्रा, विनोद सिंह, कपिल देव शुक्ला, अनिल पटेल, मनोज सिंह, शिव शंकर वर्मा, सदामोहन उपध्याय, शिवपुजन, अरविन्द कुमार आदि काग्रेसी मौजूद रहे।


Powered By Sangraha 9.0