
महराजगंज। परतावल ब्लाक के ग्राम पंचायत लखिमा में उस समय सनसनी फ़ैल गयी, जब तालाब में छिपाया गया एक बिजली ट्रांसफार्मर बरामद हुआ। तालाब का जलस्तर कम होने पर ग्रामीणों की नजर ट्रांसफार्मर पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई।
सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी विद्युत मयंक अग्रवाल के निर्देश पर लाइनमैन मनीष और रामकृपाल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रांसफार्मर करीब एक वर्ष पूर्व तालाब में छिपाया गया था। बताया जा रहा है कि यह ट्रांसफार्मर पहले पोल पर स्थापित था, लेकिन पोल गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया था।
लंबे समय तक उपयोग में न रहने का फायदा उठाकर अराजक तत्वों ने इसे तालाब में छिपा दिया और धीरे-धीरे इसके पुर्जे निकालकर गायब कर दिए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब का पानी कम न होता, तो यह मामला लंबे समय तक सामने ही नहीं आता। मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में अवर अभियंता जुगुनू अंसारी ने बताया कि लखिमा गांव में 10 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब एक वर्ष पूर्व पोल गिरने के बाद गायब हो गया था। मंगलवार को वही ट्रांसफार्मर लखिमा पोखरा में मिला है। इसके अंदर का पूरा सामान निकाला जा चुका है।
मामले की जांच की जा रही है। यदि उस समय इस संबंध में मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था तो अब नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराकर दोषियों की पहचान करके उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।