
नौतनवा। नौतनवा के अड्डा बाजार से सटे सेमरहवा गांव के जंगल में लकड़ी चोरी का मामला अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटकर ले जाते हुए कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।
इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि साइकिलों और अन्य साधनों पर भारी मात्रा में लकड़ी लादकर जंगल से बाहर निकाली जा रही है।
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि सेमरहवा के जंगल में लंबे समय से लकड़ी चोरी का यह धंधा चल रहा है, लेकिन अब तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। ग्रामीणों के मुताबिक दिन ढलते ही जंगल में हलचल शुरू हो जाती है और चोरी की लकड़ी को कच्चे रास्तों से सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचा दिया जाता है।
वायरल तस्वीरों ने वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि सोशल मीडिया पर मामला उजागर होने के बाद प्रशासन और वन विभाग इस पर क्या कदम उठाते हैं।