Maharajganj News : अब खत्म होगा गड्ढों का सफर! मार्च से संवरेंगी महराजगंज की 200 बदहाल सड़कें
04-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में 200 बदहाल सड़कों की मरम्मत मार्च से शुरू हो जाएगी। शासन की ओर से प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। सड़कों की मरम्मत से लोगों की मुश्किल दूर हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों में सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। पनियरा, बृजमनगंज, धानी, फरेंदा, लक्ष्मीपुर और नौतनवां विकास खंडों को इस योजना में प्रमुख रूप से शामिल किया गया है।
इन क्षेत्रों में ग्रामीण संपर्क मार्गों के तहत कुल 186 किलोमीटर सड़कों को चिह्नित किया गया है, जिनकी हालत लंबे समय से खराब बनी हुई थी। कई सड़कें वर्षों से जर्जर स्थिति में थीं।
पनियरा विकास खंड के ग्राम पंचायत बैदा के पोखरहवा टोले से सोनबरसा तक का जनसंपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। गांव के मनोज सहानी ने बताया कि खराब सड़क के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी परेशानी होती है।
पनियरा क्षेत्र को जोड़ने वाला भवानीपुर–पनियरा मार्ग भी लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह सड़क टूट चुकी है और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गोनहा गांव के देवीशरण ने बताया कि सड़क के कायाकल्प से राहगीरों को काफी राहत मिलेगी। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।