Maharajganj News : डाकघरों में आधार पर दिया ये अल्टीमेटम! 1000 पूरे नहीं तो होगी कार्रवाई

    05-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के डाकघरों में आधार निर्माण और संशोधन को लेकर सख्ती बढ़ गई है। प्रधान डाकघर में बुधवार को प्रवर डाक अधीक्षक गोरखपुर बी कृष्णा ने बैठक की। उन्होंने जनपद के 10 डाकघरों में शुरू किए गए आधार सुधार काउंटर की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने प्रतिदिन की आधार सुधार व नए आधार कार्ड निर्माण में खराब आंकड़ों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी पोस्टमास्टर को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक आधार काउंटर पर प्रतिदिन की 1000 की संख्या में आधार कार्ड नहीं बनाए या संशोधित किए जाते हैं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

एक फरवरी से प्रधान डाकघर के अलावा कुल 10 डाकघरों में नया आधार निर्माण व संशोधन के काउंटर संचालित हैं। प्रधान डाकघर के अलावा ठूठीबारी, भटौली, घुघली, मिठौरा, नौतनवां, परतावल, सिसवां बाजार, लक्ष्मीपुर, धानी बाजार व आनंद नगर पोस्ट ऑफिस पर एक फरवरी से आधार निर्माण व सुधार की सुविधा दी जा रही है।


लेकिन समीक्षा बैठक में पहुंचे प्रवर अधीक्षक ने प्रदर्शन खराब पाया। उन्होंने संबंधित पोस्ट मास्टर को हिदायत देकर कहा कि आधार सुधार जिम्मेदारी का कार्य है। इसलिए शासन ने यह महत्वपूर्ण कार्य डाक विभाग को सौंपा।

उन्होंने चेतावनी देकर कहा कि अगली समीक्षा में 1000 से कम संख्या में आधार सुधार कार्य अगर किसी पोस्ट ऑफिस से मिला तो पोस्टमास्टर को बैड एंंट्री दी जाएगी। समीक्षा बैठक में प्रधान डाकघर पोस्टमास्टर योगेश शर्मा, तकनीकी प्रभाग के प्रमुख राज निगम सहित अन्य मौजूद रहे।