Maharajganj News : नेपाल से आई बारात, फेरों से पहले खुला दूल्हे का बड़ा राज! पहली पत्नी और बच्चे की सच्चाई से मचा हड़कंप

    05-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज
। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरा के टोला कटरहिया में बुधवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नेपाल से दूसरी शादी करने पहुंचे दूल्हे की पहली पत्नी के होने का राज खुल गया।

दुल्हन के पिता ने बताया कि बारात चार फरवरी की रात नेपाल के तरैनी सेमरी से आई थी। धूमधाम से बारात का स्वागत हुआ, घरातियों ने दूल्हे समेत सभी बारातियों को मीठा खिलाकर भोजन कराया, लेकिन शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही सच्चाई सामने आ गई। इसके बाद बारात को बंधक बना लिया गया। बताया जा रहा है कि दूल्हे की पहली पत्नी की बड़ी बहन को दूसरी शादी की भनक लग गई थी।


वह एक दिन पहले ही नई दुल्हन के घर पहुंच गई और पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जानकारी मिलते ही दुल्हन पक्ष सतर्क हो गया और जैसे ही बारात आई तो पहली शादी की बात सार्वजनिक कर दी गई। यह सुनते ही गांव वालों और बारातियों के होश उड़ गए। चर्चा है कि दूल्हे की पहली पत्नी से एक बच्चा भी है।

जब यह बात दुल्हन और उसके परिवार को पता चली तो हंगामा शुरू हो गया। मौके की नजाकत देखते हुए दुल्हन पक्ष ने दूल्हे सहित सभी बारातियों को बैठा लिया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेते हुए दूल्हे समेत बारातियों को कोतवाली ले गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि मामला जानकारी में है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है और बातचीत चल रही है।

घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। दुल्हन व उसके पिता हुए बेहोश यह वाकया देख मानसिक आघात से दुल्हन और उसके पिता की हालत बिगड़ गई। दोनों बेहोश हो गए। गांव में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी के लिए भारी दहेज भी दिया गया था।