Maharajganj News : आर्केस्ट्रा के बाद गया प्रेमिका से मिलने ! अब खेत में मिले उसके कपड़े, कहाँ गया आदित्य
05-Feb-2026
Total Views |
फरेंदा। बैकुंठपुर निवासी एक किशोर रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया है। वह दो फरवरी को आर्केस्ट्रा देखने के बाद प्रेमिका से मिलने गया था लेकिन अभी तक नहीं लौटा। परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर निवासी प्रयाग का आदित्य चौरसिया (19) 2 फरवरी की रात में हरपुर गांव के कटहिया में आर्केस्ट्रा देखने साथियों के साथ गया था। वह रात में घर के निकला था लेकिन नहीं पहुंचा। तीन फरवरी को परिजन आदित्य का इंतजार करते रहे लेकिन जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका जताने लगी।
पुलिस के अनुसार, किशोर का बगल के गांव में एक लड़की के साथ संबंध था। वह दो फरवरी की रात में वहां गया था। उसके बाद से घर नहीं पहुंचा है।
किशोर के लापता होने के बाद परिजनों ने गांव के सिवान में देखा तो वहां एक टोपी और स्वेटर मिला। उसके बगल में गेंहू का फसल भी गिरा हुआ था। घटनास्थल को देखकर परिजनों को अनहोनी का डर सता रहा है।
प्रभारी निरीक्षक याेगेंद्र कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर टीम मौके पर पहुंची है। गांव के सिवान में कुछ कपड़े मिले हैं जिसके आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है। संदेह के आधार पर लड़की व उसके परिजनों के साथ कुछ युवकों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।