Maharajganj News : आखिरकार पोखरे में मिला 2 फरवरी से गायब हुए आदित्य चौरसिया का शव, पढ़िए विस्तार से
06-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 2 फरवरी से लापता एक युवक का शव शुक्रवार सुबह पोखरे के पास गेहूं के खेत से बरामद हुआ। 2 फरवरी की रात बैकुंठपुर में एक दावत में शामिल होने गए आदित्य चौरसिया का शव शुक्रवार की सुबह लेजार महदेवा के पास एक पोखर और गेहूं के खेत से बरामद किया गया।
परिजनों के अनुसार, आदित्य चौरसिया 2 फरवरी की शाम को बैकुंठपुर में एक दावत में गए थे। रात भर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 4 फरवरी को फरेंदा थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने गेहूं के खेत में एक शव पड़ा देखा।
उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची फरेंदा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति को देखते हुए इसे संदेहास्पद मौत का मामला माना जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर फॉरेन्सिक टीम को भी बुलाया। थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार राय ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना पर तलाश और अन्य बिंदुओं पर कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में शव पर बाहरी चोट के निशान मिले हैं, लेकिन विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गवाहों से पूछताछ कर रही है। इस घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पुरानी दुश्मनी या निजी विवाद का नतीजा मान रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।