Maharajganj News : उधार के पैसों का हिसाब मांगना पड़ा भारी, कलक्ट्रेट के पीछे ईंट से हमला कर युवक को किया बेहोश

06 Feb 2026 08:42:42

महराजगंज।
कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पैसे के विवाद में एक व्यक्ति ने ईंट से हमला कर दुर्गेश पटेल निवासी पटेल नगर, चिउरहा वार्ड नंबर 19, नगर पालिका परिषद को घायल कर दिया।

हमले के बाद बेहोश दुर्गेश ने गुरुवार को आरोपी मोहम्मद शाहिद निवासी शास्त्री नगर पर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया है। पीडित दुर्गेश पटेल ने बताया कि मोहम्मद शाहिद को 2.75 लाख रुपये नकद और 5 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से उधार दिया था।

यह भी पढ़ें : बहन की अस्थियां और उम्रभर का डर लेकर लौटी मुंबई से सौतेली बहन, पढ़ें डिटेल्स

शाहिद कलक्ट्रेट में चाय की दुकान पर मिला तो उससे पैसे वापस मांगने लगा। इस पर मोहम्मद शाहिद भड़क गया और कलक्ट्रेट परिसर के पीछे ले जाकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने पास पड़ी ईंट से दुर्गेश के सिर के पिछले हिस्से पर हमला कर दिया। हमले में दुर्गेश वहीं गिरकर बेहोश हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे दुर्गेश की जान बच पाई।

घायल दुर्गेश को मौके पर मौजूद लोगों ने जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। होश आने पर दुर्गेश ने थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को शिकायत दी।

सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी मोहम्मद शाहिद के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


Powered By Sangraha 9.0