
महराजगंज। राष्ट्रीय पहलवान श्यामकरन यादव ने राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया है। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 74 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
यह राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता लखनऊ स्थित युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के कार्यालय में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से कुशल पहलवानों ने भाग लिया। श्यामकरन यादव ने अपनी दमदार तकनीक और मजबूत इच्छाशक्ति से सभी को प्रभावित किया।
श्यामकरन यादव जनपद के बागापार क्षेत्र के निवासी हैं और वर्षों से कुश्ती में सक्रिय हैं। वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं और ग्रामीण युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देकर खेल को बढ़ावा दे रहे हैं।
इस उपलब्धि पर सदर के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार यादव ने गुरुवार को विकास भवन में श्यामकरन यादव को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।