Maharajganj News : सरहद पर नई चाल! न साइकिल न गाड़ी अब इस तरह ही चल पड़े कैरियर
07-Feb-2026
Total Views |
निचलौल। भारत-नेपाल सरहद पर इन दिनों सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती बढ़ने के बाद अवैध शराब के धंधेबाजों ने तस्करी का तरीका बदल दिया है। तस्कर अब नेपाली शराब की खेप को सिर पर बोरे में रख पगडंडी के रास्ते तस्करी करने में जुट गए हैं। पिछले कुछ दिनों में सरहद पर सुरक्षा एजेंसियों की टीम लगातार कार्रवाई कर इसका खुलासा कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, भारत-नेपाल सरहद पर सख्ती बढ़ने के बावजूद भी नेपाली शराब की बड़े पैमाने पर तस्करी की जा रही है। माना जा रहा है कि नेपाली शराब में धंधेबाजों को अच्छा मुनाफा होता है। नेपाली शराब की खेप को सरहद पार करना भी काफी आसान है।
सूत्रों के मुताबिक, धंधेबाज पहले कैरियर की मदद से नेपाली शराब को पगडंडी के रास्ते बाइक और साइकिल की मदद से भारतीय सीमा क्षेत्र में मंगा लेते थे। लेकिन सख्ती बढ़ने के बाद कैरियर यह तरीका बदल अब सिर पर बोरे में शराब की खेप को रख सरहद पार कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि नेपाली शराब में मोटा मुनाफा होने के चलते कई लोग इस धंधे से जुड़ चुके है। यही कारण है कि कार्रवाई के बावजूद भी नेपाली शराब की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है।
इस धंधे में सहयोग करने वाले कैरियरों को भी अच्छी कमाई हो जाती है। सुरक्षा एजेंसियों के घेरे में आने की आशंका होने पर कैरियर शराब की खेप को छोड़ मौके से भाग निकलते हैं। निचलौल आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव के अनुसार सरहद पर शराब का धंधा करने वालों को चिह्नित कर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई की जाती है। पिछले दिनों में सरहद पर तस्करी की नेपाली शराब की कई बड़ी खेप बरामद भी की जा चुकी है।