Sports News : आखिरी ओवर तक थमी रही सांसें! अंडर-16 क्रिकेट मुकाबले में सिद्धार्थनगर का जलवा, गोला बाजार को मिली शिकस्त
07-Feb-2026
Total Views |
नौतनवा। नगर स्थित इंटर कॉलेज में मां सावित्री मणि त्रिपाठी मेमोरियल अंडर 16 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 में शुक्रवार को आरएस क्रिकेट एकेडमी गोला बाजार और गौतम बुद्ध क्रिकेट एकेडमी सिद्धार्थनगर टीम के बीच मैच खेला गया। सिद्धार्थनगर टीम के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। मैच के मुख्य अतिथि सभासद अनिल मद्धेशिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजक करीम खान ने बताया कि गौतम बुद्ध क्रिकेट एकेडमी सिद्धार्थनगर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर के खेल में 9 विकेट के नुकसान पर खिलाड़ियों ने कुल 149 रनों का स्कोर खड़ा किया। सिद्धार्थनगर की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए मनीष यादव ने 42 व प्रियांशु अग्रहरि ने 38 रनों का योगदान दिया।
वहीं 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोला बाजार की टीम लड़खड़ा गई। खेल के 19.3 ओवर में 138 रन बनाने के बाद ऑल आउट होने के कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा। सिद्धार्थनगर की टीम विजेता घोषित हुई। मैच का मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रियांशु अग्रहरि को दिया गया।
मैच में मोहम्मद इकबाल, विशाल सिंह, मनीष ठाकुर व गिरिजेश कुमार ने एम्पायर, सरवन यादव, प्रिन्स सहानी व विशाल मौर्या ने स्कोरर एवं बृजेश सहानी, कार्तिक सहानी व अभिजीत भारती ने कमेंट्री की भूमिका निभाई।