Maharajganj News : 20 घंटे तक नहीं जली आदित्य की चिता ! पोस्टमर्टम रिपोर्ट में ये बात आयी सामने, परिजनों का फूटा गुस्सा

    08-Feb-2026
Total Views |

फरेंदा।
थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब शुक्रवार शाम 19 वर्षीय आदित्य चौरसिया का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों से अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया।

पुलिस की 20 घंटे की मशक्कत के बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए। पुलिस ने हत्या के आरोप में छह लोगों पर प्राथमिकी की है। पुलिस उसके मोबाइल से हुई बातचीत का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीन दिन पहले गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आ रहा है।

आदित्य चौरसिया का शव मिलने के बाद पुलिस मामले को लेकर सतर्क रही। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को आदित्य का शव घर पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पर इकट्ठा हो गए। परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। परिजनों मांग पूरी नहीं होने तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार सुबह तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, सीओ अनिरूद्ध कुमार, प्रभारी निरीक्षक याेगेंद्र कुमार राय, थानाध्यक्ष पुरंदरपुर मनोज कुमार राय, थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्यप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों से अंतिम संस्कार करवाने के लिए प्रयास करने लगे तो परिजन उग्र हो गए। परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के मोबाइल व जूते की बरामदगी की मांग कर रहे थे।

जबकि मृतक की बहनें रेनू व साधना और भाई अभिषेक हत्यारों का नाम जानने की जिद पर अड़े हुए थे। पुलिस ने मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने व आरोपियों के नाम की जानकारी परिजनों को दी। साथ ही मोबाइल की शीघ्र बरामदगी व आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के काफी मान-मनौव्वल करने पर करीब 20 घंटे बाद परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि आदित्य की मां की तहरीर पर प्रदीप गुप्ता, चांदनी, चंदन, मथुरा, शनि व अजय के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


मृतक और उसकी प्रेमिका के घर के बाहर पुलिस का पहरा

बैकुंठपुर के युवक आदित्य चौरसिया का शव घर पहुंचने के बाद पुलिस भी किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को लेकर बेहद सतर्क रही।

मृतक और उसकी प्रेमिका के घर के सामने भी पुलिस का कड़ा पहरा है। ग्रामीणों के उग्रता पर पुलिस नजर बनाए हुए थी। गांव में तनाव को देखते हुए तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।

परिजनों को मनाने के लिए पुलिस कई बार प्रयास करती रही लेकिन परिजन न्याय की मांग करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग पर अड़े हुए थे।

त्रिमुहानी घाट पर प्रशासन की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

आदित्य का अंतिम संस्कार पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। कड़ी मेहनत के बाद परिजन जब अंतिम संस्कार को राजी हुए तो पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रशासन की देख-रेख में शव को क्षेत्र के त्रिमुहानी घाट ले जाया गया। मृतक के बड़े भाई अभिषेक चौरसिया ने मुखाग्नि दी तो माहौल गमगीन हो गया। पुलिस अंतिम संस्कार के समय घाट पर भी तैनात रही।