Sports News : 9 साल की उम्र, गोल्ड मेडल और इंटरनेशनल टिकट! महराजगंज की अलीजा परवीन ने रचा इतिहास
09-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 15 की मूल निवासी अलीजा परवीन अंसारी ने गोवा में आयोजित रोलर स्केटिंग नेशनल प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता हासिल कर क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अलीजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन इंटरनेशनल गेम्स के लिए भी हो गया है, जहां वह इंडोनेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अलीजा की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के मजबूत सहयोग का परिणाम माना जा रहा है।
नौ साल की उम्र में मिली इस बड़ी उपलब्धि से वह क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में पहुंची, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने अलीजा और उनके परिवार को बधाई व शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कामना की कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करें।
अलीजा के बाबा असगर अली ने बताया कि अलीजा के पिता अजीमूल हक और माता हाजरा अपने परिवार के साथ गोवा में रहते हैं। अजीमूल हक पेशे से एसी मैकेनिक हैं। उन्होंने बताया कि अलीजा वर्तमान में कक्षा चार की छात्रा है और पढ़ाई के साथ-साथ स्केटिंग में लगातार मेहनत कर रही है। अलीजा की सफलता में यूनिवर्सल स्केटिंग क्लब, गोवा के कोच राजेश कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिनके मार्गदर्शन में अलीजा ने यह मुकाम हासिल किया।