Maharajganj News : आनंदनगर में दुकानदारों का बड़ा आरोप: पहले लिया किराया, अब 24 लाख जमा करने का नोटिस
10-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के नगर पंचायत आनंदनगर (फरेंदा) स्थित गौतम बुद्ध व्यावसायिक भवन के 42 दुकानदारों ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्ष 1988 से यहां अपनी दुकानों पर व्यवसाय कर रहे हैं, जिनमें कपड़ा, मेडिकल, किताब-कॉपी, मोबाइल, किराना, चूड़ी-बिंदी और मशीनरी की दुकानें शामिल हैं।
दुकानदारों के अनुसार वर्ष 2020 में टाउन एरिया अध्यक्ष द्वारा दुकानों की मरम्मत के नाम पर 14 लाख रुपये और 6000 रुपये प्रतिमाह किराया देने की मांग की गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दुकानदारों ने इसका विरोध किया और मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में चला गया, जहां अभी भी केस लंबित है।
दुकानदारों का आरोप है कि हाल ही में अधिशासी अधिकारी ने सुलह-समझौते के लिए उन्हें कार्यालय बुलाया और 2020 से 2024 तक का किराया जमा करा लिया। बताया जा रहा है कि प्रत्येक दुकानदार ने लगभग 10 लाख रुपये जमा किए और बातचीत में नया किराया 1300 रुपये प्रतिमाह तय किया गया, जिसमें नगर पंचायत के अधिकारी और दुकानदार मौजूद थे।
लेकिन कुछ दिन पहले ही नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी द्वारा नोटिस जारी कर दुकानदारों से फिर 14 लाख रुपये दुकान की कीमत और 2020 से 6000 रुपये प्रतिमाह किराया जोड़कर करीब 24 लाख रुपये जमा करने को कहा गया। नोटिस में 15 दिन के भीतर रकम जमा न करने पर दुकानों को सील करने की चेतावनी दी गई है।
दुकानदारों का कहना है कि मामला अभी हाईकोर्ट में लंबित है, इसके बावजूद इस तरह की कार्रवाई से उन्हें मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उनका यह भी दावा है कि नोटिस मिलने के बाद सदमे में एक दुकानदार की माता की हार्ट अटैक से मौत हो गई, एक दुकानदार को फालिज मार गया, जबकि एक अन्य दुकानदार की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। वहीं एक दुकानदार अभी भी हार्ट अटैक के बाद आईसीयू में भर्ती है।