Maharajganj News : सुसाइड से पहले बनाया था वीडियो, पत्नी को बताया जिम्मेदार… पुलिस ने किया पत्नी को गिरफ्तार
10-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर पति द्वारा दो बच्चों संग आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस आत्महत्या कांड में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो और लिखे गए सुसाइड नोट के आधार पर उसे पुलिस द्वारा नामजद आरोपी बनाया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह है पूरा मामला पुलिस के अनुसार 8 मार्च को भाई ने नौतनवा थाना में सूचना दी कि उसके भाई अमरीश ठाकुर और उनके दो नाबालिग बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मृतक की पत्नी बन्दना कुमारी, उसके परिजन और उसके कथित प्रेमी सोनू गौतम इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि बन्दना कुमारी सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि उसका सोनू गौतम नामक युवक से प्रेम संबंध था और वह अक्सर पति के सामने ही उससे बातचीत करती थी। पति के विरोध करने पर वह उसे धमकी देती और कथित तौर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी।
आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो
पुलिस के अनुसार, 8 मार्च को अमरीश ठाकुर ने आत्महत्या से पहले दो वीडियो रिकॉर्ड किए थे। इन वीडियो में उन्होंने अपनी पत्नी बन्दना कुमारी, उसके कथित प्रेमी सोनू गौतम और उसके परिवार के लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था।
बताया गया कि मृतक ने कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही गई थी। घटना के दिन अमरीश ठाकुर ने पहले अपने दोनों नाबालिग बच्चों को फांसी पर लटका दिया और इसके बाद खुद भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने जुटाए सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और वीडियो व सुसाइड नोट को जांच में शामिल किया। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मृतक की पत्नी बन्दना कुमारी को आरोपी बनाया गया।
सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पत्नी की प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण ही अमरीश ठाकुर ने यह कदम उठाया। इसी आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 108 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि आरोपी बन्दना कुमारी नौतनवा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने थाना गेट के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।