LPG New Price and New Rules : गैस को लेकर त्राहिमाम ! बढ़े दाम के साथ बदला बुकिंग नियम

    11-Mar-2026
Total Views |

LPG New Price and New Rules : एलपीजी का इस्तेमाल देश के करोड़ों घरों में खाना बनाने के लिए किया जाता है। महंगाई और गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार समय समय पर इसकी कीमतों और वितरण व्यवस्था में बदलाव करती रहती है। इसी क्रम में अब घरेलु एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नया नियम लागू किया गया है, जिसका असर महराजगंज समेत पूरे देश के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

बुकिंग नियम में बदलाव
पहले के नियम के अनुसार घरेलु गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को कम से कम 21 दिन का इंतज़ार करना पड़ता था। यानी अगर किसी उपभोक्ता ने आज सिलेंडर बुक कराया है तो वह अगले 21 दिन बाद ही अगली बुकिंग कर सकता था।

लेकिन अब नए नियम के तहत यह समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी अब उपभोक्ताओं को अगला सिलेंडर बुक करने के लिए काम से काम 25 दिन का अंतर रखना होगा।


महराजगंज में बढ़ी गैस की कीमत
महराजगंज में अब तक घरेलू गैस की कीमत 915 रुपए थी, जिसे बढ़ाकर अब 975 रुपए कर दिया गया है। यानि अब एक सिलेंडर पर उपभोक्ताओं को करीब 60 रुपए अधिक चुकाने पड़ेंगे। कीमत बढ़ने से आम लोगों के घरेलु बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

इस सम्बन्ध में सरकार का कहना है कि यह नया नियम सिलेंडर की जमाखोरी रोकने और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू किया गया है। कई बार कुछ उपभोक्ता जल्दी जल्दी सिलेंडर बुक कर लेते थे, जिससे अन्य लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पाती थी।

एलपीजी की वर्तमान स्थिति

वर्तमान समय में कई स्थानों पर गैस सिलेंडर की कमी की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि गैस एजेंसियों पर लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई बार उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा और उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।

इससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। न ही लोगों को ऑनलाइन बुकिंग में गैस मिल पा रही है और न ही गैस एजेंसी पर जाकर। गैस की आपूर्ति में देरी और मांग अधिक होने के कारण कई जगह सिलेंडर को लेकर हाहाकार जैसी स्थिति बन गई है।