Maharajganj News : महराजगंज पुलिस की बड़ी उपलब्धि, आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में टॉप
11-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। आईजीआरएस निस्तारण में माह फरवरी की मासिक रैंकिंग में जिले ने फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। जबकि जिले के 17 थाने भी उत्कृष्ट श्रेणी में रहे हैं। एसपी ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को प्रोत्साहित करते हुए आगे भी इस उपलब्धि को बनाए रखने का निर्देश दिया।
राज्य स्तर पर जारी नवीनतम समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली यानी आईजीआरएस की रिपोर्ट में जनपद महराजगंज पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। साथ ही जनपद के 17 थानों ने भी उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किए हैं।
पुलिस टीम इसको लेकर खुश है। एसपी सोमेन्द्र मीना ने बताया कि आईजीआरएस प्रणाली के अंतर्गत जनता की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी जाती है। महराजगंज पुलिस ने सभी शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया, जिससे जनता का विश्वास पुलिस के प्रति और मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली रिपोर्ट में प्रत्येक थाना स्तर पर शिकायतों की सतत निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से यह उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हुआ है।
उन्होंने इस सफलता पर समस्त पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, तथा जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी पुलिस जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।