Maharajganj News : यूपी बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से, सीसीटीवी की निगरानी में 3 केंद्रों पर जंचेंगी कॉपियां
11-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं अब बस ख़त्म होने वाली हैं। 12वीं के 31,740 व हाईस्कूल के 38,961 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे। अब मूल्यांकन की तैयारी तेज कर दी गई है। मूल्यांकन के लिए तीन केंद्र बनाए हैं। इनमें दो जिला मुख्यालय और एक फरेंदा में तय किया गया है।
तीनों केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी की निगरानी में होगा। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात होंगे।
यूपी बोर्ड के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी हैं। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि 18 मार्च से जिले में कॉपियों का मूल्यांकन कार्य शुरू कराया जाए। इस निर्देश पर मुख्यालय के जीएसवीएस व महराजगंज इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र बने हैं।
फरेंदा में सेठ आनंद राम जयपुरिया को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। तीनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा केंद्र से उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाई जाने लगी हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी मूल्यांकन केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी जो पूरे मूल्यांकन कार्य की निगरानी करेंगे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर चार-चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मूल्यांकन केंद्रों पर किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।