Maharajganj News : रमजान का आखिरी जुमे का ऐलान: जानिए कब और कितने बजे पढ़ी जाएगी अलविदा की नमाज
12-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। इस्लाम में रमजान का महीना सबसे पवित्र माना जाता है। रमजान के आखिरी जुमे (शुक्रवार) को अलविदा का जुमा कहा जाता है। जिसे रमजान की विदाई और ईद-उल-फितर के स्वागत के रूप में भी देखा जाता है। इस वर्ष 13 मार्च को अलविदा की नमाज पढ़ी जाएगी।
इस संबंध में ऐशबाग ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी ने घोषणा करते हुए बताया कि अलविदा की नमाज इस साल 13 मार्च 2026 को 12:45 पर पढ़ी जाएगी।
जामा मस्जिद लखनऊ में होगी नमाज लखनऊ की जामा मस्जिद ईदगाह में 12:45 बजे नमाज होगी। मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि सभी मुसलमानों से अपील है कि रमजान के आखिरी असरे में और जुमे के इस मुबारक दिन पर अपने और अपने मुल्क की तरक्की के लिए दुआ करें।
उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों की हिफाजत और ईरान-इजरायल जंग के खात्मे के लिए भी दुआ करें। अलविदा जुमे को अरबी में जमात उल विदा के नाम से जाना जाता है। अलविदा जुमे की नमाज को लेकर मस्जिदों में विशेष तैयारियां की जाती हैं।
सरकार और प्रशासन अलर्ट यूपी सरकार ने आगामी त्योहार और परीक्षाओं को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। अलविदा की नमाज राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में अदा की जाएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकलते हैं और मस्जिदों में जाकर नमाज अदा करते हैं। हर साल की तरह इस साल भी अलविदा जुमे की नमाज सकुशल संपन्न हो, इसको लेकर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। साथ ही पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर होगी।
रोजेदारों के लिए हेल्पलाइन रमजान के मौके पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के तहत दारुल निजामिया फरंगी महल में रोजेदारों के लिए रमजान हेल्पलाइन चलाई जा रही है। इस हेल्पलाइन पर कॉल करके रोजेदार अपनी समस्या के बारे में जानकारी ले सकते हैं।