Maharajganj News : आरसी के विरोध में तीसरे दिन भी बंद रहीं 42 दुकानें, व्यापारियों ने नगर में निकाला प्रदर्शन

    12-Mar-2026
Total Views |

फरेंदा।
आनंदनगर स्थित गौतम बुद्ध व्यवसायिक भवन की 42 दुकानों पर किराया बकाया बताते हुए आरसी जारी किए जाने के विरोध में दुकानदारों का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। दुकानदारों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर का भ्रमण किया।

गौतम बुद्ध व्यवसायिक भवन के दुकानदार राजेश मोदी, जयराम शर्मा, डॉ. मधुरेश यादव, मैनुद्दीन, राहुल जायसवाल, गोपाल बागला व राकेश जायसवाल सहित अनेक दुकानदारों का आरोप है कि दुकानों का किराया दिसबंर 2024 तक नगर पंचायत कार्यालय में जमा है लेकिन उसके बाद भी आरसी जारी कर दी गई।


दुकानदार राजेश मोदी ने बताया कि जब तक आरसी निरस्त नहीं होता तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। व्यापारियों ने बताया कि नोटिस देकर 14 लाख रुपये दुकान की कीमत व 6 हजार रुपये किराया वर्ष 2020 से जोड़कर आरसी काटने के बाद दुकानदारों से 24 लाख देने की बात कही जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि आरसी जारी होने से व्यापारी काफी परेशान हैं। उनके सामने जीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। दुकानें बंद होने से परिवार का भरण-पोषण कठिन हो रहा है। इस दौरान जयप्रकाश गुप्ता, रिषभ जायसवाल, अखिलेश कुमार, शुभम जायसवाल, अखिल मोदी व निखिल मोदी मौजूद रहे।