Maharajganj News : शौक से शुरू होता है धूम्रपान, बन जाती है खतरनाक लत ! डॉक्टरों ने किया आगाह
12-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में लोगों को धूम्रपान के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया। सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने कहा कि लोगों को धूम्रपान छोड़ने के लिए जागरूक करना होगा।
इसके लिए धूम्रपान से होने वाले नुकसान को बताते हुए जागरूक करना होगा कि धूम्रपान करने वाला अपने साथ दूसरों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। वे सीएमओ कार्यालय सभागार में हुई गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
एसीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने नो स्मोकिंग डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धूम्रपान के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना ही इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है। लोगों को स्वस्थ्य जीवन शैली अपनाने के लिए धूम्रपान से दूर रहना होगा।
डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश द्विवेदी ने कहा कि धूम्रपान छोड़ने के लिए व्यक्ति के अंदर मजबूत इच्छाशक्ति होनी चाहिए। धूम्रपान से फेफड़े, हृदय रोग, कैंसर आदि बीमारी होने के साथ-साथ शरीर का हर अंग प्रभावित हो सकता है।
प्रतिरोधक क्षमता भी कम हो सकती है।डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह ने कहा कि व्यक्ति धूम्रपान करना शौकिया शुरू करता है, लेकिन कब इसकी गिरफ्त में चला जाता है? पता नहीं चल पाता है। जब पता चलता तब तक देर हो चुकी होती है।
धूम्रपान छोड़ने के व्यक्ति को दृढ़ संकल्पित होना होगा। इस अवसर पर क्वालिटी एश्योरेंस के जिला सलाहकार डॉ. संतोष ओझा, विपुल यादव, डीपीएम नीरज सिंह, डीईओ कमलेश यादव, हरिकेश यादव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।