Maharajganj News : गैस सिलेंडर के लिए मची होड़, एजेंसी पर उमड़ी भीड़ से सड़क जाम, दो घंटे थमा रहा ट्रैफिक

    12-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
 जिले में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ता बहुत परेशान नज़र आ रहे हैं। गैस सिलेंडर मिलने की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो जा रहे हैं। नौतनवा गैस एजेंसी पर गुरुवार को भीड़ इस कदर बढ़ गई कि उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। देखते-देखते कस्बे का मुख्य मार्ग पर लोगों ने जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित हो गया।

सूचना पर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह नागरिकों को समझा-बुझाकर आवागमन शुरू कराया। उपभोक्ता गैस एजेंसी पर सिलेंडर वितरण में मनमानी का आरोप लगाते रहे। इस समय रात हो या दिन गैस सिलेंडर को लेकर लोग इधर-उधर भटकते ही नजर आ रहे हैं।


पिछले दो दिनों से नौतनवा गैस एजेंसी द्वारा बुकिंग किए जाने वालों को ही गैस सिलेंडर होम डिलीवरी करने का दावा किया गया। इसके बाद उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। रजिस्टर्ड मोबाइल से बुक करने के बाद डीएसी नंबर लोगों को नहीं मिल रहा है या फिर देरी हो रही है।

डीएसी नंबर मिलने के बाद गैस एजेंसी पर पहुंचकर पर्ची कटवाने वालों की भी लंबी भीड़ लग जा रही है। रसोई गैस के लिए गैस एजेंसी व गैस गोदाम व जिन जगहों पर सिलेंडर बांटने की सूचना मिलती है, उपभोक्ता सैकड़ो की संख्या में गैस सिलेंडर लेकर पहुंच जा रहे हैं। अफरा तफरी का माहौल हो जा रहा है। नौतनवा के इंडियन गैस एजेंसी पर गुरुवार को काफी भीड़ लग गई थी। घंटों लाइन में लगने के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क को खाली कराकर आवागमन फिर से सुचारू करा दिया गया।