Gas Agency New Decision : अब गोदाम से नहीं… घर तक मिलेगा गैस सिलेंडर! परतावल में एजेंसी ने लिया ये नया फैसला
12-Mar-2026
Total Views |
Gas Agency New Decision : महराजगंज जिले के परतावल क्षेत्र में गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा बदलाव किया गया है। यहाँ की राज गैस सर्विस ने निर्णय लिया है कि अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के जरिये ही मिलेगा। एजेंसी के गोदाम से सीधे गैस डिलीवरी देने की व्यवस्था बंद कर दी गयी है।
एजेंसी प्रबंधन के अनुसार यह कदम वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए गोदाम या एजेंसी पर जाने की जरूरत नहीं होगी। बुकिंग के बाद सिलेंडर सीधे उपभोक्ताओं के घर तक पहुँचाया जायेगा।
डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं के विवरण का सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। एजेंसी का कहना है कि इससे कालाबाज़ारी और और अवैध बिक्री जैसी समस्याओं पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि जिले में गैस वितरण को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें और जांच के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में एजेंसी की इस नई व्यवस्था को सुधार की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। हालाँकि एजेंसी के इस कदम से उपभोक्ताओं की मिश्रित प्रतिक्रिया सामने आ रही है।