Maharajganj News : बॉर्डर पर तस्करों की साजिश नाकाम, 1557 किलो माल के साथ एक गिरफ्तार

    12-Mar-2026
Total Views |

खनुआ।
भारत नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी डंडाहेड के जवानों ने ठेले पर लादकर नेपाल से लाए जा रहे प्लास्टिक रैपर रोल के साथ एक नेपाली तस्कर को पकड़ लिया। अग्रिम कार्रवाई के लिए आरोपी को नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया है।

एसएसबी जवानों ने इस कार्रवाई में चार ठेले पर लदा 1557 किलोग्राम प्लास्टिक रैपर रोल बरामद किया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राम मिलन अहीर निवासी ग्राम नौडिहवा, थाना भैरहवा, जिला रूपनदेही, नेपाल के रूप में हुई है।


बुधवार को भोर में सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी डंडाहेड के खुफिया तंत्र को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति नेपाल से भारी मात्रा में अवैध सामान ठेले पर लादकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। इस पर समवाय के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाका पार्टी कमांडर को निर्देशित किया। टीम चिह्नित स्थान पर पहुंची।

भोर में करीब 3:50 बजे जवानों ने देखा कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति नेपाल की ओर से सामान लेकर भारतीय सीमा में घुस रहे हैं। सुरक्षा बलों को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और एक व्यक्ति को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।