Maharajganj News : ऑडिट रिपोर्ट में लापरवाही पर सख्ती… सीडीओ भड़के, 10 ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस

    13-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
विकास भवन सभागार में गुरुवार को ऑडिट अनुपालन प्रगति की समीक्षा बैठक में लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। ऑडिट अनुपालन प्रगति संतोषजनक न मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित 10 सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश डीपीआरओ श्रेया मिश्रा को दिया।

जिला ऑडिट अधिकारी व एडीओ पंचायत की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने पाया कि वर्ष 2017-18 से वर्ष 2023 24 तक कुल 502 प्रस्तर अब तक लंबित हैं। अनुपालन आख्या ग्राम पंचायत सचिव एवं संबंधित सहायक विकास अधिकारी की तरफ से नहीं भेजी गई।


सीडीओ ने एक हफ्ते का समय देते हुए कड़ाई से निर्देशित किया कि यदि अगले गुरुवार की बैठक तक अनुपालन आख्या प्राप्त नहीं मिलती तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि जो धनराशि जमा की जा सकती है उस धनराशि को तत्काल जमा करते हुए डीपीआरओ कार्यालय को रिपोर्ट करें।

इन सचिवों को जारी हुआ नोटिस
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि समीक्षा बैठक में निर्देश के अनुसार, सचिव रामनाथ, कौशलेंद्र कुशवाहा, मिलिंद चौधरी, रामपाल, राजन गुप्ता, सुमन गुप्ता, संतोष कुमार, नागेंद्र पांडेय, विवेक पटेल एवं प्रमोद यादव को नोटिस जारी किया।