Maharajganj News : एक पत्ते से भड़की दुश्मनी… चौराहे पर दिनदहाड़े चायवाले की दर्दनाक मौत, दहशत में लोग
13-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जंगल गुलरिहा तुलसीपुर चौराहे पर शुक्रवार को मामूली विवाद ने भयावह हिंसक रूप ले लिया। बकरी द्वारा केले का पत्ता खा लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद आख़िरकार चाय दुकानदार की जान ले बैठा।
जानकारी के अनुसार, चौराहे पर रामअवतार और श्याम मोहन उर्फ छोटू चौहान की आमने-सामने चाय की दुकानें हैं। कुछ दिन पहले बकरी द्वारा केले का पत्ता खा लेने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी, जिसके बाद से दोनों के बीच माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे रामअवतार अपनी दुकान पर जलौनी लकड़ी लेकर पहुंचे ही थे कि तभी बगल की दुकान पर मौजूद छोटू चौहान और उसकी पत्नी से फिर से बहस शुरू हो गयी।
आरोप है कि इसी दौरान छोटू चौहान ने कुदाल के बेंट से रामअवतार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग घायल रामअवतार को तत्काल लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।