Maharajgaanj News : कार नहीं मिली तो मां-बेटियों को घर से निकाला… दहेज की मांग ने उजाड़ दिया विवाहिता का संसार

    13-Mar-2026
Total Views |

परतावल।
दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कानापार उर्फ रामनगर निवासी पूनम मद्धेशिया ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसका विवाह 29 नवंबर 2017 को दुर्गेश कुमार मद्धेशिया के साथ हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार अपनी क्षमता के मुताबिक दान-दहेज भी दिया था।

आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति दुर्गेश कुमार, देवर बृजेश मद्धेशिया, ननद विजयलक्ष्मी उर्फ बिंदू व पूनम मद्धेशिया और सास सावित्री देवी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। कभी फ्रीज, कभी कूलर तो कभी एसी की मांग करते और मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल देते थे।


पीड़िता ने बताया कि इस दौरान उसे दो पुत्रियां हर्षिता (5) व अमृता (3) पैदा हुईं। इसको भी लेकर ससुराल पक्ष ताने देता था और बच्चों के इलाज व खर्च में सहयोग नहीं करता था। आरोप है कि 5 मार्च को सुबह करीब सात बजे ससुरालियों ने दहेज में चार पहिया कार की मांग की।

मना करने पर सभी ने मारपीट कर उसे दोनों बच्चियों के साथ घर से निकाल दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।